झूठा ही सही प्यार निभाने की बात कर
-
मंझधार में ना छोड के जाने की बात कर,
झूठा ही सही प्यार निभाने की बात कर
-
किसने निभाई दोस्ती किसने दगा दिया,
तू अपनी बात कर, ना जमाने की बात कर
-
माना कि बडी मुश्किलें हैं सामने तेरे,
जैसे भी सही रब्त निभाने की बात कर
-
मस्जिद की बात कर ना शिवाले की बात कर,
एक ताजमहल ऒर बनाने की बात कर
-
गीता-कुरान-बाईबिल वो आप पढेगा,
बच्चे को अपने प्यार पढाने की बात कर
-
रातों की ओर देख ना तारों की ओर देख,
रूख्सार से बस जुल्फ़ हटाने की बात कर
-
जाति के भेदभाव के मसले निकाल दे,
‘संजय’ दिलों में प्यार जगाने की बात कर
-संजय विद्रोही


